जैश कमांडर का बड़ा कबूलनामा: 'हम आतंकवादी नहीं, पाकिस्तान के सैनिक हैं
इस्लामाबाद/17/09/2025
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के बालाकोट में आयोजित एक कार्यक्रम में जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने एक सनसनीखेज बयान दिया है। उन्होंने सार्वजनिक रूप से खुद को आतंकवादी मानने से इनकार करते हुए कहा कि वे पाकिस्तान के लिए लड़ते हैं और पाकिस्तानी सेना के सैनिक हैं। इलियास ने दावा किया कि उन्होंने भारत की दिल्ली सीमा तक लड़ाई लड़ी है।
कार्यक्रम के दौरान इलियास ने यह भी स्वीकार किया कि 7 मई को बहावलपुर में भारतीय सेना की कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का परिवार मारा गया था। इस घटना का बदला लेने की कसम खाते हुए, उन्होंने कहा कि यह भारतीय सेना के उस हमले का जवाब है जो पुलवामा हमले के बाद किया गया था। इलियास ने इस घटना में मारे गए लोगों को 'शहीद' बताया और कहा कि जैश इस नुकसान का हिसाब लेगा।
इलियास ने अपने भाषण में बताया कि बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद अब एक प्रमुख संगठन बन गया है और यह क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षित कर रहा है। यह कबूलनामा एक ऐसे समय में आया है जब भारत लगातार पाकिस्तान से आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। इलियास के इस बयान ने एक बार फिर पाकिस्तान में आतंकवादी संगठनों की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों को उजागर कर दिया है।