NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

उपराष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग का बड़ा आरोप, रेवंत रेड्डी पर कांग्रेस सांसदों को NDA वोट डलवाने का आरोप

हैदराबाद/17/09/2025

kaushik

हैदराबाद। उपराष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के बाद तेलंगाना की राजनीति में नया बवाल खड़ा हो गया है। भारत राष्ट्र समिति (BRS) के विधायक पाडी कौशिक रेड्डी ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए दावा किया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी के इशारे पर आठ कांग्रेस सांसदों ने एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट डाला। कौशिक रेड्डी का कहना है कि इंडिया गठबंधन से कुल 15 वोट फिसले, जिनमें से आठ वोट तेलंगाना कांग्रेस सांसदों के थे। यही वजह रही कि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने जीत दर्ज की और इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को हार का सामना करना पड़ा।

कौशिक रेड्डी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया था कि इंडिया गठबंधन को 315 वोट मिलेंगे, लेकिन नतीजे में सुदर्शन रेड्डी को केवल 300 वोट ही मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस सांसदों ने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी और लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की और उन्हें यह संदेश दिया कि उन्होंने एनडीए के उम्मीदवार का समर्थन किया है।

बीआरएस विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि रेवंत रेड्डी ने यह कदम अपने गुरु-शिष्य संबंधों के चलते उठाया। उनका कहना था कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और रेवंत रेड्डी के रिश्ते अब भी गहरे हैं, जबकि रेवंत रेड्डी 2016 तक तेलुगू देशम पार्टी (TDP) में थे। कौशिक रेड्डी ने कहा कि प्रदेश के तीन कांग्रेस सांसदों ने निजी तौर पर भी उन्हें इस क्रॉस वोटिंग की जानकारी दी है।

उन्होंने कांग्रेस पर सीधा हमला करते हुए कहा कि राहुल गांधी दिन-रात वोट चोरी का आरोप लगाते रहते हैं, लेकिन उनके ही मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अपने गठबंधन के उम्मीदवार के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने इसे तेलंगाना के बेटे और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी के साथ बड़ा धोखा करार दिया।

Scroll to Top