NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पीएम मोदी के जन्मदिन पर अमित शाह करेंगे 15 बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ

नई दिल्ली/17/09/2025

amit shah

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली में भी खास तैयारियां की गईं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को त्यागराज स्टेडियम में आयोजित समारोह में दिल्ली सरकार की 15 प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ‘सेवा पखवाड़ा’ की भी शुरुआत हुई, जिसे 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, जिन योजनाओं की शुरुआत हुई उनमें अटल दृष्टि बालिका छात्रावास, अटल आशा गृह और सावित्रीबाई फुले वरिष्ठ नागरिक गृह प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य दिल्ली को विकसित राजधानी की दिशा में आगे बढ़ाना और उपेक्षित वर्गों को सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।


दिल्ली विश्वविद्यालय के पास तिमारपुर में बना अटल दृष्टि गर्ल्स हॉस्टल 13.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित है। 3,703.43 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस हॉस्टल में 96 दृष्टिबाधित छात्राओं के लिए सुरक्षित आवास की सुविधा है। वहीं, बाहरी दिल्ली के नरेला में तैयार अटल आशा होम 40.60 करोड़ रुपये की लागत से बना है। 12,500 वर्ग मीटर के भूखंड पर बने इस सुविधा केंद्र में 220 रिहायश की व्यवस्था की गई है, जो बौद्धिक रूप से विकलांग व्यक्तियों के लिए आदर्श मॉडल साबित होगा।

इसके साथ ही पश्चिम विहार में 10.64 करोड़ रुपये की लागत से बने सावित्रीबाई फुले वरिष्ठ नागरिक गृह का भी उद्घाटन किया गया। यह चार मंजिला भवन 2,257 वर्ग मीटर क्षेत्र में बना है और इसमें 96 बुजुर्गों के रहने की सुविधा है। यहां निवासियों को चिकित्सा सुविधाएँ, पौष्टिक भोजन, स्वच्छ आवास, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े में कुल 75 परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इससे दिल्ली के विकास को गति मिलेगी और समाज के कमजोर वर्गों को विशेष लाभ होगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का नाम समाज सुधारकों और राष्ट्रनिर्माताओं के नाम पर रखा गया है, ताकि उनके योगदान को नई पीढ़ी याद रख सके।

Scroll to Top