पीएम मोदी के 11 साल: जनधन से उज्ज्वला तक, करोड़ों लोगों तक पहुंचा विकास का लाभ
हैदराबाद/17/09/2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (17 सितंबर) अपना 75वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर देश और विदेश से उन्हें लाखों शुभकामनाएं मिलीं। मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था। वे आज़ाद भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने लगातार तीसरी बार देश की बागडोर संभाली। पं. नेहरू के बाद वे अकेले ऐसे नेता बने हैं जिन्हें तीन बार प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला।
साल 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने देश की जनता के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की शुरुआत की। इन योजनाओं ने न केवल गरीबों और किसानों तक राहत पहुंचाई, बल्कि महिलाओं, युवाओं और मजदूरों को भी नए अवसर दिए। आज उनके 75वें जन्मदिन पर डालिए एक नजर इन योजनाओं पर—
पीएम जनधन योजना (2014)
28 अगस्त 2014 को शुरू हुई इस योजना का मकसद था हर व्यक्ति को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ना। इस योजना के तहत जीरो बैलेंस पर खाता खोला जाता है और खाताधारकों को रूपे डेबिट कार्ड, ओवरड्राफ्ट सुविधा और 2 लाख रुपये का एक्सीडेंटल बीमा भी मिलता है। 2025 तक इस योजना में 56 करोड़ से अधिक खाते खुल चुके हैं, जिनमें आधे से ज्यादा महिलाओं के नाम पर हैं।
अटल पेंशन योजना (2025)
असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को ध्यान में रखकर शुरू की गई इस योजना के तहत 18 से 40 साल की उम्र के लोग खाता खोल सकते हैं। 60 साल की उम्र पूरी होने के बाद उन्हें हर माह 1,000 से 5,000 रुपये पेंशन मिलती है। अभी तक इस योजना में 7 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं।
उज्ज्वला योजना (2016)
गरीब महिलाओं को धुएं से निजात दिलाने और साफ ऊर्जा देने के लिए इस योजना को शुरू किया गया। बीपीएल परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन और सब्सिडी वाले सिलेंडर दिए जाते हैं। अब तक 10 करोड़ से ज्यादा परिवार इससे लाभान्वित हो चुके हैं।
पीएम किसान सम्मान निधि (2019)
छोटे और सीमांत किसानों को सीधी आर्थिक मदद देने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की गई। किसानों को हर साल 6,000 रुपये की मदद तीन किस्तों में दी जाती है। अब तक 20 किस्तें किसानों के खातों में सीधे भेजी जा चुकी हैं।
पीएम गरीब कल्याण योजना (2020)
कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू हुई इस योजना के तहत देश के 80 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज दिया गया। बाद में इस योजना को 5 वर्षों के लिए और बढ़ा दिया गया।
पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना (2024)
15 फरवरी 2024 को लॉन्च हुई इस योजना के तहत हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का लक्ष्य रखा गया। साथ ही सरकार 78,000 रुपये तक की सब्सिडी देकर सोलर पैनल लगाने में मदद करती है। अब तक 10 लाख से ज्यादा घर सोलर पैनल से रोशन हो चुके हैं।
आयुष्मान भारत योजना
इस योजना को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना माना जाता है। इसके तहत देश के गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (2015)
18 से 70 वर्ष तक के लोगों को मात्र 20 रुपये सालाना प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का एक्सीडेंटल बीमा और 1 लाख रुपये का दिव्यांगता कवर मिलता है। अब तक 51 करोड़ से ज्यादा लोग इससे जुड़ चुके हैं।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (2015)
इस योजना में मात्र 436 रुपये सालाना प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा कवरेज मिलता है। अब तक 23 करोड़ से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने जनधन, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के जरिए करोड़ों लोगों तक विकास का लाभ पहुंचाया है। इन योजनाओं ने न केवल गरीब और वंचित वर्ग को सहारा दिया है, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाने की दिशा में भी अहम योगदान दिया है। उनके 75वें जन्मदिन पर देश इन उपलब्धियों को याद कर रहा है।