पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा: डॉ. राजीव बिंदल ने किया कार्यक्रमों का उद्घाटन
शिमला/17/09/2025
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सुबह 10:50 बजे डॉ. बिंदल ने गेटी थिएटर में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
डाॅ. बिंदल ने कहा कि देश का परम सौभाग्य है कि नरेन्द्र मोदी जैसे दूरदर्शी और कर्मठ प्रधानमंत्री देश को मिले। उन्होंने बताया कि मोदी ने 14 वर्ष तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए राज्य को भारत का अग्रणी राज्य बनाया और 2014 से 2025 तक प्रधानमंत्री रहते हुए भारत को विश्व में शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। 2014 में भारत विश्व में आर्थिक पायदान पर 11वें स्थान पर था, जिसे उन्होंने 11 साल में चौथे पायदान तक पहुंचाया और 2027 तक भारत को विश्व की तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनाने का संकल्प लिया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मोदी के शासनकाल में उत्पादन, निर्यात और प्रति व्यक्ति आय बढ़ी, आयात घटा, कृषि-बागवानी, मछली और दूध की पैदावार में वृद्धि हुई। इसके साथ ही निर्यात बढ़ा जिससे किसानों की आमदनी में इजाफा हुआ। खेती की लागत घटने और MSP लगातार बढ़ने से किसान के जीवन स्तर में सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि भारत अब आयुध उत्पादनों में विश्व का लीडर बनने जा रहा है और सामरिक शक्ति में भी अग्रणी है, जिसका प्रदर्शन ऑपरेशन सिंदूर में देखा गया।
डॉ. बिंदल ने मोदी के जनकल्याण कार्यों को गिनाते हुए कहा कि उन्होंने 25 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला, 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया, 53 करोड़ गरीबों के जनधन खाते खोले, 9 करोड़ किसान परिवारों को 6,000 रुपये प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि प्रदान की, 4 करोड़ गरीबों को पक्के घर उपलब्ध कराए, 12 करोड़ लोगों को शौचालय और 14 करोड़ घरों को नल से स्वच्छ जल दिया। इसके अलावा, 50 करोड़ गरीबों के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनाकर 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मुफ्त में प्रदान किया गया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मोदी सरकार गरीब कल्याण, किसान उत्थान, महिला एवं युवा सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। स्टार्टअप्स और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं और महिला सशक्तिकरण में सफलता मिल रही है। सेवा पखवाड़े के दौरान प्रदेशभर में रक्तदान शिविरों, स्वच्छता अभियान और चिकित्सा सेवाओं का आयोजन किया गया, ताकि प्रधानमंत्री के मिशन को सफल बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि वोकल फॉर लोकल के तहत स्वदेशी उत्पाद खरीदकर गरीब कामगारों को आर्थिक संबल दिया जा रहा है। जीएसटी में कटौती और गरीब कल्याण के अन्य उपायों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया।