पैसों के लिए बेटे ने उतारी मां की बलि, पुलिस को भी गुमराह करने की रची साजिश
हमीरपुर/17/09/2025
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के भोरंज उपमंडल के बैलग गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां 24 वर्षीय अभय ठाकुर ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी 48 वर्षीय मां सोमलता की सिर पर इस्त्री से वार कर हत्या कर दी। घटना के वक्त घर पर सिर्फ मां-बेटा ही मौजूद थे।
हत्या के बाद आरोपी बेटे ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी गढ़ी। उसने दरवाजा बंद कर खुद को बेहोश दिखाया और पड़ोसियों को बताया कि कार में सवार 3–4 लोग घर आए थे, जिन्होंने उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसकी मां की हत्या कर फरार हो गए। उसकी बातों पर पहले पुलिस भी उलझ गई और कई टीमें हत्यारों की तलाश में जुटा दी गईं।
लेकिन देर शाम शक के आधार पर जब पुलिस ने युवक से गहन पूछताछ की तो वह हड़बड़ा गया। बुधवार सुबह एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर भी थाने पहुंचे और पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाल ही में गाड़ी खरीदने के बाद पैसों के लिए मां पर दबाव डाल रहा था। इसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ और गुस्से में आकर बेटे ने मां की हत्या कर दी।
मृतका सोमलता का पति पूर्व सैनिक है और ऊना में एक संस्थान में कार्यरत हैं। बेटे की इस निर्मम करतूत से पूरा परिवार और गांव सदमे में है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग हैरान हैं कि एक बेटा पैसों के लिए इतना निर्दयी कैसे हो सकता है।