आनी-निरमंड लैंडस्लाइड: शमारनी गांव से NDRF ने निकाले सभी शव, 5 की मौत – 3 घायल
कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला के आनी उपमंडल के निरमंड क्षेत्र के शमारनी गांव में सोमवार सुबह हुए भयंकर भूस्खलन ने तबाही मचा दी।
सुबह करीब 6 बजे हुए इस लैंडस्लाइड की चपेट में आकर दो मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए। इस हादसे में एक ही परिवार के आठ लोग दब गए, जिनमें से 5 की मौत हो गई और 3 गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही NDRF और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुट गईं। कई घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने मलबे से पांचों शव बरामद कर लिए हैं, जबकि घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गांव के आसपास मौजूद तीन अन्य मकान खाली करवा दिए हैं, क्योंकि लगातार हो रही बारिश के चलते लैंडस्लाइड का खतरा अभी और बढ़ गया है। क्षेत्र में दहशत और मातम का माहौल है।