NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

अनिरुद्ध सिंह ने NHAI पर लगाया भ्रष्टाचार और नियम उल्लंघन का आरोप

शिमला/22/09/2025

anirudh

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सिरमौर जिले में एनएच-707 निर्माण में बड़े पैमाने पर धांधली और नियम उल्लंघनों का आरोप लगाया है। मंत्री ने कहा कि निर्माण के कारण आम लोगों की हजारों करोड़ की संपत्ति को नुकसान हुआ है और कई स्थानों पर गलत तरीके से ब्लास्टिंग और मलबा डंप किया गया।

अनिरुद्ध सिंह ने शिमला स्थित राज्य सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एनएचएआई ने एफसीए नियमों की स्पष्ट उल्लंघना की है। कई जगह बिना अनुमति कटिंग का काम किया गया, बिल बनाए गए और भुगतान भी किया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे खेल में निर्माण कंपनियों और अधिकारियों की मिलीभगत है। मंत्री ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जनता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में नियमों की उल्लंघना और धांधलियों की हजारों शिकायतें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भेजी जा चुकी हैं और अब उन्हें फिर से मामले की जानकारी दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि यह मामला सिरमौर तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कांगड़ा के शाहपुर और कुल्लू-मनाली में भी ऐसे मामले सामने आए हैं।

सिरमौर के प्रभावित नाथू राम चौहान ने बताया कि गलत निर्माण के कारण उनके घर और अन्य लोगों की संपत्ति को नुकसान हुआ। अनिरुद्ध सिंह ने यह भी याद दिलाया कि बीते माह शिमला के संजौली ढली के भट्टाकुफर में पांच मंजिला मकान गिरने के मामले में उनके और एनएचआई अधिकारियों के बीच विवाद भी हुआ था।

मंत्री ने कहा कि सरकार दोषियों को बख्शेगी नहीं और नियमों की उल्लंघना पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Scroll to Top