जिसे चाहा उसी ने छीनी सांसें! अंजलि मर्डर केस में पति गिरफ्तार
शिमला।19।08।2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक प्रेम कहानी का दर्दनाक और खौफनाक अंत सामने आया है। शिमला जिले में अंजलि नाम की युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति सुशील को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि अंजलि और सुशील ने 2021 में लव मैरिज की थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उनके रिश्तों में खटास आ गई थी। 14 अगस्त को रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के डकोलड़ में अंजलि अपने किराये के कमरे में मृत अवस्था में मिली थी। पुलिस ने मौके पर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए शिमला आईजीएमसी भेजा। 16 अगस्त को हुए पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि अंजलि के साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसकी मौत हुई। जानकारी के मुताबिक, अंजलि रामपुर के तकलेच स्थित केटू गांव की रहने वाली थी और पोस्ट ऑफिस में नौकरी करती थी। शादी के बाद वह पति सुशील से अलग रह रही थी। 14 अगस्त को अंजलि से मिलने उसके ससुर और पति आए थे और सुलह की कोशिश भी की गई थी। लेकिन उसी दिन बाद में सुशील दोबारा कमरे में लौटा और विवाद के दौरान उसने अंजलि से मारपीट की, जो उसकी मौत का कारण बनी। रामपुर के देवठी निवासी आरोपी सुशील (25) को 18 अगस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी रामपुर नरेश ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस लगातार मामले से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है और जल्द ही आरोप पत्र अदालत में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि अंजलि पढ़ाई में बेहद होशियार थी। दसवीं कक्षा में उसने 700 में से 670 अंक हासिल किए थे और बाहरी जिले की मेरिट लिस्ट में भी नाम दर्ज कराया था। मेहनत के दम पर उसने डाक विभाग में नौकरी हासिल की थी। लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और जिस इंसान को उसने अपना जीवन साथी चुना, उसी ने उसकी जिंदगी छीन ली। रामपुर पुलिस ने साफ किया है कि इस मामले में न्याय दिलाने के लिए कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और क्षेत्र में अपराध करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।