NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

जिनेवा में पाकिस्तान पर बरसीं अपराजिता सारंगी: बोलीं—“जम्मू-कश्मीर था, है और हमेशा भारत का हिस्सा रहेगा”

जिनेवा/21/10/2025

india

जिनेवा। स्विट्जरलैंड के जिनेवा में आयोजित 151वीं अंतर-संसदीय संघ (IPU) की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। उन्होंने पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर पर दिए गए बयान को सख्ती से खारिज करते हुए कहा कि “जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा।”

सारंगी ने पाकिस्तान के नेशनल असेंबली के अध्यक्ष सादिक सरदार अयाज के उस बयान पर जवाब देने का अधिकार प्रयोग करते हुए कहा कि पाकिस्तान बार-बार इस मंच का राजनीतिकरण करने की कोशिश करता है और भारत के खिलाफ झूठे आरोप लगाता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर के मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाने का कोई हक नहीं है।

भाजपा सांसद ने जोर देते हुए कहा कि, “पाकिस्तान आदतन दुष्प्रचार करता है और भारत की छवि खराब करने की कोशिश करता है, लेकिन सच्चाई यह है कि जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा था, है और रहेगा।” उन्होंने आगे कहा कि भारत हमेशा इस तरह के असत्य बयानों का तथ्यात्मक और दृढ़ जवाब देता रहेगा।

बाद में सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए अपराजिता सारंगी ने कहा कि उन्हें जिनेवा में एशिया-प्रशांत राष्ट्र समूह की ओर से भारत का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने बताया कि सभा में उनके संबोधन का गर्मजोशी से स्वागत हुआ।

बैठक के दौरान सारंगी ने कतर के दोहा हमले, नाइजर में हुए सैन्य तख्तापलट जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की और भारत के स्पष्ट रुख को दोहराया। इसके अलावा, उन्होंने “भूख के चक्र को तोड़ना: खाद्य सुरक्षा पर ध्यान देना” विषय पर आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना ने 80 करोड़ भारतीयों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की है।

अपराजिता सारंगी के इस बयान को न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है, जिसने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि भारत जम्मू-कश्मीर पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगा।

Scroll to Top