NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में छात्र संसद सत्र का सफल आयोजन, राष्ट्रीय मुद्दों पर प्रभावशाली बहसों ने जीता सबका ध्यान

शिमला/18/11/2025

apggg

एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में मंगलवार को आयोजित छात्र संसद सत्र ने परिसर का माहौल पूरी तरह लोकतांत्रिक रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में छात्रों ने राष्ट्रीय, सामाजिक और शैक्षणिक मुद्दों पर एक जिम्मेदार सांसद की तरह अपनी बात रखी और सारगर्भित तर्कों के साथ प्रभावशाली बहसें कीं। सत्र में सत्तापक्ष की अगुवाई कुश शर्मा ने की, जबकि विपक्ष की ओर से सुश्री जानवी रंजन ने नेतृत्व संभाला। पूरे सत्र की कार्यवाही डीन (फैकल्टी) डॉ. अश्वनी शर्मा ने स्पीकर और अध्यक्ष अधिकारी की भूमिका निभाते हुए संचालित की।

विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. नीलम शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. आनंद मोहन शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. नीलम शर्मा और सलाहकार अभियंता सुमन विक्रांत भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और छात्रों को लोकतांत्रिक संवाद की महत्ता समझाते हुए उन्हें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में पत्रकारिता विभाग ने अहम भूमिका निभाई। विभागाध्यक्ष डॉ. प्यार सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पूरी टीम ने आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराया। कंप्यूटर साइंस विभाग के अश्वनी शर्मा, डॉ. विजयश्री और पत्रकारिता विभाग के सहायक प्रोफेसरों ने भी समन्वय और तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया। संसद सत्र में तीन प्रमुख विषयों पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहसें हुईं—क्या भारत में ईवीएम पूर्णतः सुरक्षित हैं या बैलेट पेपर प्रणाली की ओर लौटना चाहिए; विश्वविद्यालयों में छात्र चुनाव बेहतर हैं या मेरिट आधारित सीआर चयन प्रक्रिया ज्यादा प्रभावी है; और क्या भारत वास्तव में दुनिया का सबसे जीवंत लोकतंत्र है।

बहस के दौरान छात्रों ने तथ्यों, तर्कों और उदाहरणों के साथ अपनी बात रखी और मर्यादा व शालीनता का पूर्ण पालन किया। सत्र ने न केवल छात्रों की वाकपटुता, नेतृत्व क्षमता और शोध कौशल को उजागर किया, बल्कि यह भी साबित किया कि विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के प्रयास सार्थक परिणाम दे रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रतिभागी छात्रों और आयोजन टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं को संसदीय प्रक्रियाओं, नैतिक राजनीतिक व्यवहार और नागरिक जिम्मेदारियों को समझने का व्यावहारिक अवसर प्रदान करते हैं।

Scroll to Top