NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

एपीजी शिमला विश्वविद्यालय और नेक्स्ट जेन अकैडमी के बीच एमओयू हस्ताक्षरित

2026-27 से शुरू होंगे उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम

शिमला/24/09/2025

apg

शिमला: उच्च शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करने के लिए एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी ने नेक्स्ट जेन अकैडमी के साथ एक महत्वपूर्ण सहमतिपत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बी.टेक, बीसीए, बीबीए और एमबीए जैसे उद्योग-उन्मुख पाठ्यक्रम छात्रों को उपलब्ध कराए जाएंगे।

एमओयू पर एपीजी शिमला यूनिवर्सिटी के कुलसचिव प्रो. आर.एल. शर्मा और नेक्स्ट जेन अकैडमी के डॉ. संजय शर्मा ने हस्ताक्षर किए। इस सहयोग का उद्देश्य पारंपरिक शिक्षा के साथ उद्योग से जुड़े कौशलों को जोड़कर छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी क्षमता और रोजगार योग्य बनाने की दिशा में कदम उठाना है।

इन पाठ्यक्रमों में विशेष विषयों को उद्योग विशेषज्ञ पढ़ाएंगे, साथ ही छात्रों को प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों द्वारा प्रमाणित पेशेवर सर्टिफिकेशन भी प्रदान किए जाएंगे। इससे छात्रों की रोजगार संभावनाओं में वृद्धि होगी और उन्हें वास्तविक उद्योग परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा।

यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप है, जो व्यावहारिक शिक्षा, उद्योग से जुड़ाव और छात्रों के समग्र विकास पर केंद्रित है। इस सहयोग से इंटर्नशिप, कार्यशालाएं, प्लेसमेंट और अकादमिक आदान-प्रदान जैसे अवसर भी उत्पन्न होंगे, जिससे छात्रों को शैक्षणिक और व्यावसायिक दोनों क्षेत्रों में सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Scroll to Top