पंजाब में डीआईजी हाउस में ड्यूटी कर रहे ASI ने सिर में गोली मारकर की आत्महत्या, बच्चे कनाडा में
लुधियाना | लुधियाना के रानी झांसी रोड स्थित डीआईजी लुधियाना रेंज सतिंदर सिंह के घर में तैनात एक एएसआई ने सोमवार देर रात अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान एएसआई तीर्थ सिंह (50) के रूप में हुई है, जो पिछले चार से पांच वर्षों से डीआईजी हाउस में ही ड्यूटी दे रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात करीब तीन बजे ड्यूटी के दौरान एएसआई तीर्थ सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी तुरंत पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाना डिवीजन नंबर आठ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एएसआई तीर्थ सिंह डीआईजी हाउस में मिसलेनियस स्टोर कीपर के रूप में तैनात थे।
मूल रूप से मुल्लांपुर दाखा इलाके के रहने वाले तीर्थ सिंह के तीन बच्चे कनाडा में रहते हैं।
फिलहाल, यह साफ नहीं हो पाया है कि उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असल वजह सामने आ सके।