NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बड़ा भंगाल में भेड़पालकों की हालत बेहाल, राशन खत्म — प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल

कांगड़ा/15/09/2025

bada bhnagal

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हालात अत्यंत खराब हो गए हैं। जगह-जगह रास्तों के अवरुद्ध हो जाने से भेड़पालकों और उनके सैकड़ों मवेशी फंसे हुए हैं, जिनके पास अब न तो राशन बचा है, न चारा, और न ही बाहर निकलने का कोई रास्ता। लोग 10 दिन से ज्यादा समय से पहाड़ियों में फंसे हुए हैं, जहां न तो कोई राहत सामग्री पहुंची है और न ही प्रशासनिक सहायता का कोई अता-पता है।

ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी स्टोर तक भी सामान की सप्लाई बंद है, जिससे खाद्य सामग्री तक नहीं मिल पा रही है। हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि लोगों को जानवरों के लिए चारे की व्यवस्था भी खुद करनी पड़ रही है, लेकिन पहाड़ी मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध होने के कारण कोई साधन नहीं बचा है। प्रभावित भेड़पालकों का कहना है कि "अब तो पेट भरने के लिए कुछ भी नहीं बचा, कई जानवर बीमार हैं, और कुछ मर भी चुके हैं।

" प्रशासन का दावा है कि रास्ते खोलने के लिए टीमें भेजी जा रही हैं और जल्द हालात सामान्य कर दिए जाएंगे, साथ ही पेड़ों को हटाने और मलबा साफ करने के लिए पैदल राहत टीमें भेजने की योजना बनाई जा रही है, लेकिन वास्तविकता यह है कि आज तक कोई भी राहत नहीं पहुंच पाई है। लोग प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और आग्रह कर रहे हैं कि सरकारी स्टोर से कम से कम खाने-पीने का जरूरी सामान भेजा जाए, ताकि वे और उनके मवेशी जिंदा रह सकें।

प्रशासनिक अधिकारी भी मानते हैं कि स्थिति गंभीर है और तुरंत हस्तक्षेप की आवश्यकता है, लेकिन कार्यवाही की गति बेहद धीमी है। इस बीच, प्रभावित इलाकों में डर, भूख और चिंता का माहौल है, जहां हर दिन लोग ज़िंदगी और मौत की जद्दोजहद से जूझ रहे हैं।

Scroll to Top