NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सोलन में बड़ी कार्रवाई: बघाट बैंक के ₹16.63 लाख लोन डिफॉल्टर प्रेम नाथ जसवाल गिरफ्तार

सोलन/30/10/2025

SOLAN

बघाट अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लोन डिफॉल्टरों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेम नाथ जसवाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रेम नाथ जसवाल (निवासी शांति निवास, सन्नी साइड सोलन) ने बैंक से ₹16,63,274 रुपये का ऋण लिया था, लेकिन निर्धारित समय में भुगतान नहीं किया। बैंक की ओर से बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद वह न तो अदालत में हाजिर हुआ और न ही बकाया राशि जमा करवाई।

लंबे समय से अनुपस्थित रहने के चलते 25 अक्तूबर 2025 को कोर्ट ऑफ कलेक्टर-cum-असिस्टेंट रजिस्ट्रार को-ऑपरेटिव सोसायटीज़ ने उसके खिलाफ लैंड रेवेन्यू एक्ट 1954 की धारा 75(A) के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। वारंट जारी होने के बाद पुलिस चौकी शहर सोलन की टीम ने 29 अक्तूबर 2025 को उसे गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया।

बघाट बैंक से ऋण लेने वाले कुल 22 लोन डिफॉल्टरों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इनमें से सोलन जिले के 9 डिफॉल्टरों में से अब तक 3 को पुलिस गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है, 3 ने स्वयं समर्पण किया है और शेष 3 की तलाश जारी है। इसके अलावा, शिमला और सिरमौर जिलों के 13 डिफॉल्टरों के गिरफ्तारी वारंट संबंधित जिलों की पुलिस को भेज दिए गए हैं।

बैंक प्रशासन का कहना है कि लोन वापसी में लापरवाही और अदालत के आदेशों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रेम नाथ जसवाल की गिरफ्तारी इस अभियान की पहली महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है।

Scroll to Top