बाबा बालक नाथ मंदिर में चढ़ावे की गिनती में हेराफेरी, दो कर्मचारियों पर मामला दर्ज
हमीरपुर/08/10/2025
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ बड़ा खिलवाड़ सामने आया है। मंदिर में चढ़ावे की गिनती के दौरान दो कर्मचारियों द्वारा हेराफेरी की गई। मंदिर न्यास ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों कर्मचारियों के खिलाफ बड़सर पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया।
मंदिर न्यास के अनुसार आरोपी कर्मचारी चढ़ावे की नकदी की गिनती के दौरान 500 रुपये के नोटों के बंडल बनाते समय जानबूझकर 100 नोटों की गड्डी में 140 नोट डाल रहे थे, ताकि बाद में अतिरिक्त राशि का गबन किया जा सके। इस पूरी करतूत को गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद किया गया।
जैसे ही यह मामला हमीरपुर के डीसी अमरजीत सिंह के संज्ञान में आया, उन्होंने 7 अक्टूबर को मंदिर न्यास को तुरंत एफआईआर दर्ज करवाने और विभागीय जांच शुरू करने के कड़े निर्देश जारी किए।
डीएसपी बड़सर लालमन ठाकुर ने पुष्टि की कि मंदिर न्यास की ओर से दोनों कर्मचारियों के खिलाफ नकदी की गणना में गोलमाल करने की शिकायत मिली है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाली है और मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है।