NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बलोह और गरामोड़ा टोल प्लाजा पर एक माह तक टोल वसूली निलंबित

बिलासपुर।20।08।2025

baloh plaza

जिला बिलासपुर में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के चलते किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। प्रशासन ने बलोह और गरामोड़ा टोल प्लाजा पर टोल शुल्क वसूली को तत्काल प्रभाव से एक माह के लिए निलंबित कर दिया है। इस संबंध में आज उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष राहुल कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत आदेश जारी किए। भारी बारिश और भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग को क्षति प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार हो रही भारी वर्षा और बार-बार भूस्खलन के कारण किरतपुर-नेरचौक राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर आंशिक व पूर्ण रूप से बाधित हो गया है। मार्ग पर बड़े-बड़े पत्थर गिरने और मलबा आने से यातायात प्रभावित हो रहा है। कई बार यात्रियों को घंटों तक रास्ते में फंसे रहना पड़ रहा है, जिससे भोजन, पेयजल और विश्राम जैसी बुनियादी सुविधाओं का संकट गहराता जा रहा है। मंत्री धर्माणी ने उठाया था मुद्दा इससे पहले प्रदेश सरकार में नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट कर यह विषय उठाया था। उन्होंने कहा था कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग के बड़े हिस्से बाधित हों, तो यात्रियों से टोल शुल्क वसूली उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने इस पर गंभीरता से विचार करने और NHAI सहित संबंधित विभागों से समन्वय कर कदम उठाने का आश्वासन दिया था। यात्रियों को मिली बड़ी राहत प्रशासनिक आदेश जारी होने के बाद अब बलोह और गरामोड़ा टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों को एक माह तक टोल शुल्क नहीं देना होगा। यह फैसला यात्रियों को राहत देने और आपदा की स्थिति में उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ से बचाने के लिए लिया गया है।

Scroll to Top