बनखंडी ज्वैलर्स चोरीकांड का खुलासा: मास्टरमाइंड गुलशन गिरफ्तार, पांचों आरोपी सलाखों के पीछे
बनखंडी /29/10/2025
बनखंडी बाजार स्थित पीतांबर ज्वैलर्स में हुई लाखों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हरिपुर थाना पुलिस ने इस मामले की गुत्थी को सुलझाते हुए चोरी की योजना बनाने वाले मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
यह वारदात 16 अगस्त 2024 की रात करीब 12:30 बजे हुई थी, जब चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर सेंध लगाई और बेहद चालाकी से पास की दुकान से बेंच लाकर शटर के सामने रख दी, ताकि अंदर की हलचल बाहर न दिख सके। उन्होंने दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को डिस्कनेक्ट कर दिया था, हालांकि बाहर के कैमरे उनकी गतिविधि रिकॉर्ड कर चुके थे।
दुकान मालिक दिलेर मिन्हास ने बताया कि चोर लगभग 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कुछ ही दिनों में चार आरोपियों को फिरोजपुर से गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चोरी की योजना तैयार करने वाले मास्टरमाइंड गुलशन उर्फ काका (37), निवासी फिरोजपुर को भी दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार पूरी वारदात इसी ने प्लान की थी और इसी ने अन्य चार लोगों को शामिल किया था। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि इस गिरफ्तारी के साथ बनखंडी ज्वैलर्स चोरी प्रकरण पूरी तरह सुलझ चुका है और सभी आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।