बरनाला फ्लाईओवर बंद: भारी वाहनों की आवाजाही 15 दिनों तक रोक
बरनाला/29/08/2025
बरनाला के लोगों और यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कचहरी चौक से बाजाखाना रोड पर बने फ्लाईओवर को अगले 15 दिनों तक भारी वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। लगातार हो रही भारी बारिश से पुल को नुकसान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत के लिए यह फैसला लिया गया है। डिप्टी कमिश्नर टी. बेनिथ ने जानकारी दी कि स्टेट हाईवे अथॉरिटी ने फ्लाईओवर की तुरंत मरम्मत शुरू कर दी है और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारी वाहनों की एंट्री रोकी गई है।
इस फ्लाईओवर से रोजाना सैकड़ों बसें, ट्रक और ट्रॉलियां गुजरती थीं। मरम्मत के दौरान इन वाहनों का दबाव पुल पर हादसे की आशंका बढ़ा सकता था। इसलिए प्रशासन ने भारी वाहनों को अगले 15 दिनों तक बाजाखाना चौक की तरफ डायवर्ट कर दिया है। हालांकि छोटे वाहन फ्लाईओवर से गुजर सकेंगे, लेकिन चालकों से अपील की गई है कि वे सावधानी बरतें।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम केवल जनसुरक्षा के लिए उठाया गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद फ्लाईओवर को फिर से यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर ने जनता से सहयोग करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि जल्द ही पुल दोबारा सुचारु रूप से चालू हो जाएगा।