NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बेंगलुरू सम्मेलन संपन्न, पठानियां बोले—मंथन से निकलेंगे सार्थक परिणाम

bengluru

बेंगलुरू | कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में आयोजित 11वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र सम्मेलन का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह की अध्यक्षता कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने की, जबकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में देशभर से आए विधानमंडलों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिवों ने भाग लिया।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार ने सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। समापन अवसर पर पठानियां ने कहा कि सम्मेलन में हुए चिंतन, मंथन और संवाद से निकले विचार देश की संसदीय प्रणाली को मजबूत करने में दूरगामी प्रभाव डालेंगे। उन्होंने कहा कि यहां हुई चर्चाएं सिर्फ औपचारिक नहीं थीं, बल्कि इनमें जनता की आकांक्षाओं की स्पष्ट झलक दिखाई दी।

सम्मेलन के दौरान पठानियां ने बेंगलुरू शहर की सराहना करते हुए कहा कि यह शहर आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत संगम है। उन्होंने बेंगलुरू को “भारत का उद्यान नगर” और “सिलिकॉन वैली” बताते हुए IISc, ISRO और अन्य अनुसंधान संस्थानों की उपलब्धियों को देश की प्रगति का आधार बताया।

सम्मेलन के एक विशेष आयोजन के तहत विधानसभा अध्यक्ष पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार ने बेंगलुरू टर्फ क्लब में आयोजित घुड़दौड़ प्रदर्शनी कार्यक्रम में भाग लिया, जहां उन्हें आयोजकों द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रम किसी भी सम्मेलन की गरिमा को और बढ़ाते हैं।

सम्मेलन के समापन पर पठानियां ने कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर फरीद, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार का सफल आयोजन और उत्कृष्ट आतिथ्य के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में जो सुझाव और निष्कर्ष सामने आए हैं, उन्हें सभी राज्यों में लागू करने के प्रयास होने चाहिए ताकि लोकतांत्रिक संस्थाएं और अधिक सशक्त बन सकें।

सम्मेलन के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार 14 सितंबर को प्रस्तावित पोस्ट-कॉन्फ्रेंस टूर में भाग लेंगे और 15 सितंबर को बेंगलुरू से शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे।

Scroll to Top