NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भारत का साफ संदेश: जहाँ मिलेगा सबसे अच्छा सौदा, वहीं से खरीदेगा तेल

मास्को/25/08/2025

vinay kumar

मास्को। रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि भारतीय कंपनियां जहाँ कहीं भी उन्हें सबसे अच्छा सौदा मिलेगा, वहीं से कच्चा तेल खरीदेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नई दिल्ली का पहला लक्ष्य अपने 1.4 अरब नागरिकों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है और इसी के मद्देनज़र भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर कदम उठाता रहेगा।

विनय कुमार ने रूसी समाचार एजेंसी TASS को दिए इंटरव्यू में कहा कि भारत की ऊर्जा नीति पूरी तरह व्यावसायिक आधार और राष्ट्रीय हितों पर टिकी है। उन्होंने दोहराया कि रूस से भारत का ऊर्जा सहयोग न सिर्फ दोनों देशों के लिए बल्कि वैश्विक तेल बाजार में स्थिरता लाने में भी मददगार साबित हुआ है।

भारत के इस रुख पर अमेरिका लगातार सवाल उठाता रहा है। वॉशिंगटन ने आरोप लगाया कि रूस से रियायती दरों पर कच्चा तेल खरीदकर भारत अप्रत्यक्ष रूप से यूक्रेन युद्ध में रूस की मदद कर रहा है। यहां तक कि अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर टैरिफ बढ़ाने और रूस से तेल खरीद पर अतिरिक्त शुल्क लगाने की चेतावनी भी दी। लेकिन भारत ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है।

भारतीय राजदूत ने साफ कहा कि "हमारा उद्देश्य सिर्फ और सिर्फ भारत के लोगों की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि अमेरिका और यूरोप के कई देश भी रूस के साथ व्यापार कर रहे हैं, इसलिए भारत पर उंगली उठाना अनुचित है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी अमेरिकी आलोचना का करारा जवाब देते हुए कहा कि “यह हास्यास्पद है कि जो देश खुद व्यापार समर्थक नीति की बात करते हैं, वही दूसरों पर व्यापार करने का आरोप लगा रहे हैं।”

भारत ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उसका तेल व्यापार किसी दबाव या आलोचना से प्रभावित नहीं होगा। नई दिल्ली वहीँ से तेल खरीदेगी जहाँ उसे सबसे अच्छा सौदा मिलेगा और जो देश के दीर्घकालिक ऊर्जा हितों को सुरक्षित करेगा।

Scroll to Top