भारत ने डैम के गेट खोले, पाकिस्तान में बाढ़ का बड़ा खतरा; अब तक 802 लोगों की मौत
इस्लामाबाद/27/08/2025
भारत और पाकिस्तान में लगातार हो रही भारी बारिश और मानसूनी बाढ़ से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। भारत ने कश्मीर क्षेत्र में स्थित प्रमुख डैम के सभी गेट खोल दिए हैं, जिसके बाद पाकिस्तान में बाढ़ का बहुत बड़ा खतरा मंडराने लगा है। भारतीय सरकार के एक सूत्र ने बताया कि भारी बारिश के बाद डैम से पानी छोड़ना जरूरी था और इस बारे में पाकिस्तान को पहले ही चेतावनी दे दी गई है। इस निर्णय से पड़ोसी देश पाकिस्तान में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है और लाखों लोगों के प्रभावित होने की आशंका है।
पाकिस्तान हाई अलर्ट पर
पाकिस्तान ने इस चेतावनी के बाद तुरंत हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, भारत से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी पंजाब प्रांत में बाढ़ ला सकता है। पंजाब पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है, जहाँ देश की लगभग आधी आबादी (करीब 12 करोड़ लोग) रहती है। पाकिस्तानी अधिकारियों का अनुमान है कि भारत से लगभग 2,00,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा सकता है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह पानी एक बार में छोड़ा जाएगा या धीरे-धीरे।
तवी नदी में बाढ़ का खतरा
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भारत ने पाकिस्तान को यह भी आगाह किया है कि जम्मू-कश्मीर से बहने वाली तवी नदी (Tawi River) में जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ सकता है। भारत की ओर से यह अलर्ट मानवीय आधार (humanitarian grounds) पर विदेश मंत्रालय के माध्यम से पाकिस्तान को भेजा गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने स्वीकार किया कि इस्लामाबाद को भारत से चेतावनी मिल चुकी है।
802 लोगों की मौत, लाखों प्रभावित
पाकिस्तान में मानसून सीजन की शुरुआत (जून) से अब तक 802 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से आधे लोग अकेले अगस्त महीने में मारे गए। बाढ़ की वजह से अब तक 1,67,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। इनमें से लगभग 40,000 लोग 14 अगस्त से जारी चेतावनी के बाद खुद ही पलायन कर गए थे। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में पंजाब प्रांत शामिल है, जहाँ सेना को राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात किया गया है।
बाढ़ से तबाही का खतरा
पाकिस्तानी प्रशासन का कहना है कि भारत की ओर से डैम से छोड़ा गया पानी उनकी मुसीबतें और बढ़ा सकता है। पंजाब प्रांत में पहले से ही भारी बारिश और नदियों में उफान से हालात बिगड़े हुए हैं। अतिरिक्त पानी आने पर गांवों, खेतों और शहरों में भारी तबाही हो सकती है।
भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात
गौरतलब है कि पाकिस्तान ने आरोप लगाया कि भारत ने इससे पहले भेजी गई दो बाढ़ चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया था। हालांकि, अब भारत ने पानी छोड़े जाने की जानकारी आधिकारिक रूप से दी है। पाकिस्तान का कहना है कि अगर हालात और बिगड़े तो मानवीय संकट और गहराएगा।