NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिक्षक पर आठ वर्षीय बच्चे को पीटने का आरोप, कान का पर्दा फटा — परिजनों ने की पुलिस में शिकायत

teacher_student
चंबा | हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के उपमंडल भरमौर में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर तीसरी कक्षा के आठ वर्षीय बच्चे को बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि मारपीट के चलते बच्चे के कान का पर्दा फट गया और उसका ऑपरेशन करवाना पड़ा। फिलहाल बच्चा मेडिकल कॉलेज चंबा में भर्ती है।

परिजनों के अनुसार, संबंधित शिक्षक बच्चों से अक्सर मारपीट करता है और पढ़ाने में रुचि नहीं दिखाता, जिससे कई छात्र पढ़ाई में कमजोर हो गए हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और शिक्षा विभाग से आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा बलवीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आ गया है। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षक ने दिया जवाब — “आरोप निराधार, रची जा रही साजिश”

आरोपी शिक्षक ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है। उनका कहना है कि बच्चे की मां और दादी स्कूल में कुक कम हेल्पर पद पर कार्यरत हैं, जो कई दिनों से ड्यूटी पर नहीं आ रही हैं। दो बार स्पष्टीकरण मांगा गया है और अब 29 अक्तूबर तक जवाब देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभाग को भी जानकारी दी जाएगी।
Scroll to Top