बिहार चुनाव प्रचार पर सियासी संग्राम: जयराम ठाकुर बोले—CM सुक्खू को हिमाचल की आपदा से ज्यादा बिहार की चिंता
मंडी/30/10/2025
मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मौजूदा सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पर बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचार अभियान के लिए जाने को लेकर कड़ा हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जब हिमाचल भीषण आपदा से उबर रहा है, तब प्रदेश का मुखिया बिहार में चुनावी रैली कर रहा है—यह संवेदनहीनता का बड़ा उदाहरण है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सीएम सुक्खू को प्रदेशवासियों की परेशानी से ज्यादा बिहार की राजनीति की चिंता है। उन्होंने कहा कि अगर वे मुख्यमंत्री होते, तो इस स्थिति में राज्य से बाहर जाकर प्रचार करने की कभी कल्पना भी नहीं करते।
उन्होंने कहा—
“प्रदेश में डिज़ास्टर एक्ट लगाकर पंचायत और नगर निगम चुनाव टाल दिए, लेकिन आपदा प्रभावितों की सुध लेने की फुर्सत नहीं। क्या बिहार चुनाव हिमाचल की आपदा से ज्यादा प्राथमिकता है?”
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि आपदा के बाद बनाई गई अस्थायी व्यवस्थाएं अब चरमरा रही हैं और ठंड की शुरुआत के साथ प्रभावित लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। बिलासपुर में पहाड़ी दरकने से 16 लोगों की मौत का जिक्र करते हुए जयराम ने कहा कि एक परिवार से चार अर्थियां उठीं, लेकिन मुख्यमंत्री वहां तक नहीं पहुंचे और बिहार में भाजपा पर निशाना साधने में व्यस्त रहे।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी घोषणा की कि वे अपने तीन महीनों का वेतन आपदा प्रभावितों के लिए समर्पित करेंगे, ताकि उनकी सहायता की जा सके। उन्होंने कहा कि यह निर्णय आत्मप्रचार के लिए नहीं, बल्कि पीड़ितों की सहायता के लिए लिया गया है। साथ ही उन्होंने उन लोगों का आभार भी जताया जिन्होंने राहत अभियानों में बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग शाम होते ही सोशल मीडिया पर “ज्ञान देने” बैठ जाते हैं, जबकि उन्हें जमीनी स्थिति का अंदाजा तक नहीं है।
उन्होंने कहा—
“मैं इकलौता ऐसा नेता हूं, जो अपने क्षेत्र के साथ-साथ हर प्रभावित इलाके में पहुंचा। पहले पीड़ा देखो, फिर टिप्पणी करो।