बिक्रम ठाकुर का कांग्रेस सरकार पर हमला – तीन साल में वादे झूठे साबित, जनता पूरी तरह निराश
शिमला। पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्षों में प्रदेश की जनता को केवल खोखले वादे और झूठी घोषणाएं ही मिली हैं। विकास के नाम पर सरकार ने कोई ठोस काम नहीं किया और अब जनता पूरी तरह निराश हो चुकी है।
विकास शून्य, केवल बयानबाज़ी
बिक्रम ठाकुर ने कहा कि भाजपा जब विपक्ष की भूमिका में प्रदेशहित के मुद्दे उठाती है तो कांग्रेस सरकार जवाब देने के बजाय व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप में उलझ जाती है। उन्होंने कहा कि यदि 68 विधायकों में से केवल एक को ही दर्द हुआ है, तो यह जनता को साफ संकेत देता है कि असली वजह क्या है।
अवैध खनन और भ्रष्टाचार के आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध खनन, वसूली और भ्रष्टाचार चरम पर है। बरोटीवाला, बद्दी और अन्य इलाकों में माफियाओं का बोलबाला है, लेकिन कांग्रेस सरकार ठोस कार्रवाई करने में नाकाम रही है। “सरकार आखिर किसके दबाव में काम कर रही है?” – ठाकुर ने सवाल उठाया।
भाजपा शासन में निवेश आया, कांग्रेस के तीन साल में बेरोजगारी चरम पर
पूर्व उद्योग मंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश को नई पहचान देने के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर मीट जैसे आयोजन हुए और रोजगार सृजन के प्रयास किए गए। लेकिन कांग्रेस सरकार ने तीन साल में न तो बड़ा निवेश लाया और न ही ठोस योजना शुरू की। इसका नतीजा है कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री केवल घोषणाओं तक सीमित
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार—किसी भी क्षेत्र में सुधार नहीं हुआ। मुख्यमंत्री सिर्फ घोषणाओं और योजनाओं का जिक्र करते रहते हैं, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं बदला। “स्थिति यह है कि कांग्रेस के अपने विधायक भी भीतर ही भीतर असंतुष्ट हैं।
राम कुमार के आरोप और मानहानि नोटिस पर प्रतिक्रिया
दून से कांग्रेस विधायक राम कुमार के आरोपों और मानहानि नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए बिक्रम ठाकुर ने कहा कि यह कांग्रेस की रणनीति है ताकि जनता का ध्यान असली मुद्दों से हटाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी विधायक का नाम लेकर आरोप नहीं लगाया।
“अगर कांग्रेस सरकार को लगता है कि मेरे खिलाफ आरोप सही हैं तो तुरंत निष्पक्ष जांच शुरू करे। मैं हर जांच का सामना करने को तैयार हूँ।”
25 साल का सार्वजनिक जीवन ईमानदार रहा
ठाकुर ने कहा कि उनका 25 वर्षों का राजनीतिक जीवन हमेशा पारदर्शिता और ईमानदारी से भरा रहा है। कांग्रेस विपक्ष को बदनाम करने के लिए झूठे आरोपों का सहारा ले रही है, लेकिन जनता सब जानती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में जनता कांग्रेस को उखाड़ फेंकेगी और भाजपा को फिर सत्ता में लाएगी।