NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बिलासपुर: टोल प्लाज़ा पर टैक्सी से MDMA और चरस बरामद, पंजाब के 2 युवक गिरफ्तार

bilaspur
बिलासपुर। जिला बिलासपुर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता दर्ज की है। थाना घुमारवीं की पुलिस टीम ने बलोह टोल प्लाज़ा पर नाकेबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 20.6 ग्राम एमडीएमए (एक्स्टसी) और 225 ग्राम चरस बरामद हुई, जिनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने मौके से टैक्सी में सवार दो युवकों—असीम (19) पुत्र राकेश और शिवम नरूला (19) पुत्र संदीप, निवासी जिला मुक्तसर, पंजाब—को तुरंत हिरासत में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी टैक्सी में सवार होकर हिमाचल की सीमा में प्रवेश कर रहे थे और नशीले पदार्थों की तस्करी की आशंका जताई जा रही है।

डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने अपनी सतर्कता और मुस्तैदी से यह कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस मामले की गहन पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।

ड्रग का खतरा बढ़ा चिंता

एमडीएमए एक बेहद खतरनाक सिंथेटिक साइकोएक्टिव ड्रग है, जिसे आमतौर पर एक्स्टसी कहा जाता है। युवा वर्ग में इसकी बढ़ती खपत चिंताजनक है, क्योंकि यह मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को तुरंत साझा करें।
Scroll to Top