बिलासपुर बस हादसे पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने जताया गहरा शोक
बिलासपुर/07/10/2025
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बड़ा हादसा हुआ है। मरोतन से घुमारवीं जा रही संतोषी निजी बस पर शुक्र खड्ड के किनारे बरठीं में भल्लू पुल के पास पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि बस की छत उड़कर खड्ड के किनारे जा पहुंची और सारा मलबा बस पर आ गिरा, जिससे बस पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गई।
बस के अंदर से 15 शव निकाले जा चुके हैं। वहीं दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें से एक बच्ची की मां की इस दुर्घटना में मौत हो गई है। बचाई गई बेटियों का इलाज बरठीं अस्पताल में चल रहा है।
बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसा सुबह करीब साढ़े छह बजे हुआ। बस में मरोतन, बरठीं, घुमारवीं और आसपास के स्टेशनों के लोग सवार थे। हादसे में चालक और परिचालक की भी मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बस दुर्घटना पर जताया गहरा शोक
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रो. प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, सांसद सुरेश कश्यप, कंगना रनौत, राजीव भारद्वाज, हर्ष महाजन, इंदु गोस्वामी, महामंत्री सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, रणधीर शर्मा, त्रिलोक जमवाल, सुरेश चंदेल, राकेश जमवाल, विपिन परमार, कर्ण नंदा और स्वदेश ठाकुर ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
सभी नेताओं ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सरकार और भाजपा संगठन इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।