बिलासपुर में फेसबुक पर पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर व विकास ठाकुर को धमकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला"
बिलासपुर/21/09/2025
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में फेसबुक पर अपमानजनक पोस्ट और धमकियों का मामला सामने आया है। आज श्री गुरुनाम चौधरी पुत्र श्री रतन सिंह, गांव एवं डाकघर लखनू, तहसील श्री नैना देवी जी ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया कि दिनांक 19 सितंबर 2025 को वह अपने निजी काम से मित्रों के साथ श्री नैना देवी जी क्षेत्र में था। तभी उसे पता चला कि जीत राम पुत्र श्री केवल सिंह, गांव दुहलेत, डाकघर लेहडी, तहसील श्री नैना देवी जी, अपने फेसबुक प्रोफाइल (जीत बिलासपुरिया) के माध्यम से सार्वजनिक पोस्ट डाल रहा है, जिसमें अश्लील शब्दों का इस्तेमाल किया गया है।
इसके अलावा, उसने फेसबुक पोस्ट के जरिए पूर्व मंत्री श्री राम लाल ठाकुर और हिमाचल प्रदेश के पूर्व महासचिव श्री विकास ठाकुर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की और आपराधिक धमकियां दीं। पीड़िता के अनुसार, जीत राम ने लिखा कि “तेरा पंगा एक ड्राइवर से पड़ा है, तेरी रातों की नींद उड़ा दूँगा और जीने लायक नहीं छोड़ूँगा।”
पुलिस ने बताया कि फेसबुक पर की गई ये पोस्ट सार्वजनिक हैं, जिन्हें आम जनता पढ़ या सुन सकती है। जीत राम ने जानबूझकर अश्लील शब्दों और धमकियों को इलेक्ट्रॉनिक रूप में प्रकाशित और प्रसारित किया।
इस पर अभियोग संख्या 84/25 दिनांक 20.09.2025 के तहत धारा 296, 352, 351(2) BNS के तहत थाना कहलूर में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आरोपी को जल्द ही कानूनी कार्रवाई का सामना करना होगा।
यह घटना सोशल मीडिया पर सार्वजनिक पोस्ट और धमकियों के बढ़ते प्रभाव को लेकर लोगों में चिंता बढ़ा रही है।