धर्मशाला से उठी सियासी हलचल: BJP विधायक सुधीर शर्मा की पोस्ट से भड़की कांग्रेस, सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
शिमला/24/10/2025
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सोशल मीडिया पोस्ट ने आग लगा दी है। धर्मशाला के भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर की गई टिप्पणी से सियासी माहौल गरमा गया है। सुधीर शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सीएम सुक्खू का स्केच शेयर करते हुए लिखा— “प्रदेश के इतिहास में पहली बार, कार्टून का स्केच।”
यह पोस्ट वायरल होते ही कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने विधायक पर अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया। पार्टी प्रवक्ता और मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि सुधीर शर्मा की यह पोस्ट उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा को दिखाती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की राजनीति हमेशा शालीनता और मर्यादा के लिए जानी जाती रही है, लेकिन भाजपा विधायक ने इस पर धब्बा लगाया है।
वहीं सोशल मीडिया पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पलटवार करते हुए सुधीर शर्मा की एडिट की गई तस्वीरें शेयर कीं और भाजपा पर निम्नस्तरीय राजनीति करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, कुछ यूजर्स ने सुधीर के पक्ष में भी कमेंट करते हुए कहा कि राजनीति में व्यंग्य और आलोचना दोनों का अधिकार होना चाहिए।
गौरतलब है कि सुधीर शर्मा पहले कांग्रेस पार्टी में थे और 2022 के विधानसभा चुनाव में धर्मशाला से कांग्रेस टिकट पर ही विजयी हुए थे। मंत्री पद नहीं मिलने से वे नाराज चल रहे थे और बाद में सुक्खू सरकार से मतभेदों के चलते भाजपा में शामिल हो गए। धर्मशाला उपचुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की।
अब जब वे खुले तौर पर सीएम सुक्खू पर निशाना साध रहे हैं, तो यह टकराव हिमाचल की राजनीति में नया मोड़ ला सकता है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह विवाद आने वाले नगर निकाय और पंचायत चुनावों पर भी असर डाल सकता है, जहां दोनों दल सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे पर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करने की कोशिश में हैं।