NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शीतकालीन सत्र से पहले भाजपा फाइनल करेगी रणनीति — जयराम व बिंदल की मौजूदगी में कल होगी महत्वपूर्ण विधायक दल की बैठक

शिमला/18/11/2025

satrr

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के धर्मशाला में 26 नवंबर से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र से ठीक पहले भाजपा विपक्ष अपनी रणनीति दुरुस्त करने में जुट गई है। इसी क्रम में भाजपा विधायक दल की अहम बैठक बुधवार को शिमला में बुलाई गई है, जिसकी अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर करेंगे। बैठक में पार्टी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। यह बैठक आगामी सत्र के लिए विपक्ष की दिशा और तेवर तय करने के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

भाजपा नेतृत्व सत्र में कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए मजबूत मुद्दों और ठोस तथ्यों की विस्तृत तैयारी कर रहा है। बैठक में कांग्रेस सरकार के अब तक के कार्यकाल की समीक्षा की जाएगी और यह तय होगा कि किस विषय पर कितना आक्रामक रुख अपनाना है। शीतकालीन सत्र तपोवन में 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक प्रस्तावित है और सरकार द्वारा इस बार कुल आठ बैठकें निर्धारित की गई हैं।

भाजपा सत्र के दौरान हर दिन सरकार पर दबाव बनाने की योजना तैयार कर रही है। पार्टी का फोकस उन मुद्दों पर रहने वाला है जिन्हें वह लगातार उठाती रही है—जैसे कानून-व्यवस्था में गिरावट, बढ़ते अपराध, कर्मचारियों व पेंशनरों की लंबित मांगें, प्रदेश की आर्थिक स्थिति और बढ़ता ऋण, विकास परियोजनाओं की धीमी रफ्तार, तथा व्यापारियों, किसानों और युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मामले।

विधायक दल की बैठक में इन सभी विषयों पर गहन चर्चा कर एक दिनवार रणनीति तैयार की जाएगी, ताकि विपक्ष सत्र के दौरान संगठित और प्रभावी ढंग से सरकार को कठघरे में खड़ा कर सके। पार्टी नेतृत्व ने सभी विधायकों को इस बैठक में अनिवार्य उपस्थिति के निर्देश दिए हैं। प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी बैठक में शामिल रहेंगे, जिससे यह संदेश जाए कि सत्र को लेकर भाजपा पूरी तैयारी और एकजुटता से मैदान में उतरने जा रही है।

Scroll to Top