भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की आयु में निधन
नई दिल्ली/30/09/2025
भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह 93 साल की उम्र में एम्स दिल्ली में निधन हो गया वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और एम्स में उनका इलाज चल रहा था। भाजपा ने जताया शोक
भाजपा ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी और सार्वजनिक सेवा की मिसाल रहा। पार्टी ने याद किया कि उन्होंने दिल्ली में जनसंघ के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
दिल्ली भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (Twitter) पर लिखा :
“भाजपा के वरिष्ठ नेता, दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुःख की इस घड़ी में पूरा भाजपा परिवार उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति।”
एम्स की ओर से पुष्टि
एम्स दिल्ली के मीडिया सेल की हेड प्रोफेसर रीमा दादा ने एक प्रेस रिलीज में पुष्टि की कि मंगलवार सुबह मल्होत्रा ने आखिरी सांस ली।
दिल्ली भाजपा को स्थायी दफ्तर मिलने के बाद निधन
दिल्ली भाजपा को दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर नया स्थायी कार्यालय मिलने के एक दिन बाद ही विजय कुमार मल्होत्रा का निधन हुआ। इस कार्यालय का उद्घाटन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।