NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भाजपा कार्यशाला में 2027 के चुनावी लक्ष्य पर मंथन, दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का दावा

ऊना/25/08/2025

BJP

ऊना। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन जिला कार्यालय ऊना में किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल और पायल वैद्य सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस सरकार पर हमलावर हुआ भाजपा पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2022 में सत्ता में आई कांग्रेस एक “आपदा सरकार” बनकर सामने आई है। आपदा के समय भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया गया, 2000 से अधिक संस्थाओं को बंद कर दिया गया और झूठी गारंटियों से जनता को ठगा गया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 58 साल की पक्की नौकरी का वादा किया था, लेकिन तीन साल में मात्र 30,000 अस्थायी नौकरियां दीं। उन्होंने पशु मित्र जैसी योजनाओं को बेरोजगारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा बताया।

बिंदल का संकल्प: 2027 में भाजपा की दो तिहाई बहुमत वाली सरकार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बैठक में कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनावों में चारों सीटें जीतीं और 68 में से 61 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल की। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सभी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को साथ लेकर दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कांग्रेस की “भ्रष्टाचारी सरकार” को उखाड़ फेंकने और 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प भी लिया।

जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को निकाय चुनावों के लिए झोंकने का आह्वान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आने वाले पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए पूरी तरह कमर कस लें। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूती प्रदान करते हुए सभी कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करें और पार्टी उम्मीदवारों को जीताकर स्थानीय निकायों में भाजपा का परचम लहराएं।

B JAPI


सेवा पखवाड़ा और संघ शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम
भाजपा मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने जानकारी दी कि पार्टी का सेवा पखवाड़ा अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। इसके संयोजक प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल होंगे, जबकि सह संयोजक के तौर पर सचिव सुमित शर्मा, अमित ठाकुर, तिलक राज और डॉ. संजय जिम्मेदारी संभालेंगे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर मनाए जाने वाले संघ शताब्दी वर्ष कार्यक्रम का संयोजन उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा करेंगे। इनके साथ सह संयोजक के रूप में सचिव वंदना योगी, कुसुम सदरेट, प्रियंता शर्मा और शिशु भाई धर्मा कार्यभार संभालेंगे।

संगठनात्मक चर्चा और समापन इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने जनप्रतिनिधियों के साथ योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की और मीडिया प्रबंधन को लेकर विशेष जानकारी दी। सह प्रभारी संजय टंडन ने कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया की रणनीति के बारे में मार्गदर्शन दिया। बैठक के समापन सत्र में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कार्यकर्ताओं के प्रश्नों के उत्तर दिए और कार्यशाला का समापन किया।

इस बैठक में सभी नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी, 17 जिला अध्यक्ष और 171 मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

Scroll to Top