भाजपा ज़मीनी स्तर पर कार्य कर पंचायत चुनाव को तैयार
भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत करने की बनाई रणनीति
धर्मशाला।18।08।2025
भारतीय जनता पार्टी भाजपा संगठनात्मक ज़िला कांगड़ा की महत्वपूर्ण बैठक सर्किट हाऊस धर्मशाला में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संगठतनात्मक ज़िला कांगड़ा के अध्यक्ष सचिन शर्मा ने की, जबकि कांगड़ा-चंबा संगठन मंत्री राजपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार करना रहा। इस दौरान नवगठित कार्यकारिणी का परिचय भी करवाया गया। राजपाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा ने भी बैठक को संबोधित करते हुए पंचायत चुनावों की तैयारियों पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है, और भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाए, सभी मिलकर उसकी जीत सुनिश्चित करें।
जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन और जिम्मेदारी की महत्ता समझाते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाना प्रत्येक कार्यकर्ता का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता पर भारतीय सेनाओं और प्रधानमंत्री को बधाई भी दी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई, बूथ सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया गया और संगठनात्मक अनुशासन को प्राथमिकता देने की बात दोहराई गई। भाजपा कार्यकर्ता अब पूरी तैयारी के साथ आगामी पंचायत चुनावों की दिशा में सक्रियता से कार्य करने को तैयार हैं। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, पूर्व ज़िला कांगड़ा महिला मोर्चा अध्यक्ष रंजू रस्तोगी, संगठनात्मक जि़ला कांगड़ा भाजपा महामंत्री देवेंद्र कोहली, संगठनात्मक जि़ला कांगड़ा भाजपा के सभी मंडलों के पदाधिकारी, कार्यकारिणी पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।