CBI की बड़ी कामयाबी: सऊदी अरब से फरार शीला कल्याणी भारत लाई गई
नई दिल्ली/10/10/2025
भारत की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की है। एजेंसी ने सऊदी अरब से फरार अपराधी शीला कल्याणी (Manakandathil Thekkethil उर्फ शीला कल्याणी) को भारत वापस लाने में कामयाबी पाई है। वह आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी के गंभीर मामलों में वांछित थी और लंबे समय से विदेश में छिपी हुई थी।
सीबीआई ने बताया कि यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय (MEA) और गृह मंत्रालय (MHA) के सहयोग से इंटरपोल चैनलों के जरिए की गई। 5 अक्टूबर 2023 को शीला कल्याणी के खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद सीबीआई लगातार सऊदी अरब के अधिकारियों और इंटरपोल के संपर्क में रही। परिणामस्वरूप, एजेंसी की एक विशेष टीम 9 अक्टूबर 2025 को उसे भारत वापस लेकर लौटी।
अधिकारियों के मुताबिक, शीला कल्याणी के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़े गंभीर आरोप हैं। उसकी भारत वापसी के बाद अब सीबीआई उससे पूछताछ करेगी और आगे की जांच तेज करेगी।
सीबीआई ने बताया कि भारत में वह इंटरपोल की राष्ट्रीय केंद्रीय एजेंसी (NCB) के रूप में कार्य करती है और “भारतपोल (BHARATPOL)” नामक प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर की जांच एजेंसियों को जोड़ती है। इसी नेटवर्क की मदद से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपराधियों की लोकेशन ट्रैक की जाती है।
सीबीआई ने खुलासा किया कि पिछले कुछ वर्षों में 130 से ज्यादा वांछित अपराधियों को इंटरपोल चैनलों के जरिये भारत वापस लाया गया है, जिससे एजेंसी की वैश्विक जांच क्षमता मजबूत हुई है।