NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला के चायली खुर्द सड़क 40 लाख से होगी चौड़ी, मंत्री विक्रमादित्य ने बस सुविधा का किया ऐलान

vikramaditiya
शिमला | हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शिमला शहर से सटी ग्राम पंचायत चायली खुर्द सड़क को चौड़ा करने की परियोजना का शिलान्यास किया। यह कार्य 40 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और चायली जैसे ऐतिहासिक क्षेत्र को प्राथमिकता दी जा रही है।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि चायली खुर्द सड़क के लिए पहले भी वीरभद्र सिंह सरकार के दौरान 36 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन निर्माण के समय ग्रेडिंग में त्रुटियां रह गई थीं। अब इस सड़क को सही ग्रेडिंग के साथ अंतिम छोर तक चौड़ा किया जाएगा, और जल्द ही इसकी पासिंग करवाकर बस सुविधा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क के मेटलिंग कार्य के लिए भी शीघ्र बजट स्वीकृत किया जाएगा।

इस मौके पर मंत्री ने बताया कि चायली पंचायत का मुख्यालय पहले टुटू में था, लेकिन अब इसे चायली स्थानांतरित करने पर विचार किया जा रहा है ताकि स्थानीय प्रशासनिक कार्य और सुविधाएं गांव स्तर पर सुचारू रूप से चल सकें।


स्थानीय लोगों की मांग पर विक्रमादित्य सिंह ने घोषणा की कि जब तक एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध नहीं होतीं, तब तक चायली से शिमला बस अड्डे तक प्राइवेट टैक्सी सेवा चलाई जाएगी ताकि ग्रामीणों को सुबह, दोपहर और शाम के समय सुगम परिवहन सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हर पंचायत को सड़क, परिवहन और शहरी सुविधाओं से जोड़कर समान और संतुलित विकास का मॉडल तैयार किया जाए।
Scroll to Top