NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चम्बा में आसमानी बिजली का कहर: 11 मवेशियों की मौत, युवती भी घायल

चम्बा/07/10/2025

death

चम्बा जिले के किहार क्षेत्र की किलोड़ पंचायत में मंगलवार सुबह आसमानी बिजली गिरने से करीब 11 मवेशियों की मौत हो गई और एक युवती घायल हो गई। दो दिन से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच सुबह लगभग 6 बजे अधवारी क्षेत्र में यह घटना हुई।

जानकारी के अनुसार, जखराल गांव के पवन पुत्र कन्हैया के 7 भेड़ें, 1 गाय और 1 बैल तथा मुकेश कुमार पुत्र कंठ के 2 बैल मौके पर ही बिजली की चपेट में आकर मृत हो गए। वहीं, पवन कुमार की 21 वर्षीय बेटी भारती राणा को हल्का झटका लगा और उसकी एक बाजू सुन्न हो गई। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल किहार ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चम्बा रैफर किया गया। युवती की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

किलोड़ पंचायत प्रधान मंजू बाला ने प्रशासन को घटना की सूचना दी और प्रभावित परिवारों के लिए तुरंत मुआवजा और सहायता देने की अपील की। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और ऐसे मौसम में किसी भी अप्रत्याशित घटना की सूचना तुरंत पंचायत व प्रशासन को देने की हिदायत दी।

Scroll to Top