चंबा-चांजू मार्ग पर बस खाई में गिरने से बची,ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
चंबा/03/10/2025
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चांजू से चंबा जा रही हुसैन कोच नामक निजी बस खल्ली नामक स्थान पर सड़क धंसने के कारण एक ओर झुक गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से बस को खाई में गिरने से बचाया गया।
सुबह करीब पांच बजे चल रही बस में चालक और परिचालक समेत केवल पांच लोग सवार थे। जैसे ही बस खल्ली के पास पहुंची, सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया और वाहन असंतुलित हो गया। चालक ने समय रहते ब्रेक लगाकर बस को रोक लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर रस्सियों और लकड़ी का सहारा देकर बस को और नीचे खिसकने से बचाया। थोड़ी ही देर में आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और सभी ने राहत की सांस ली कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
ग्रामीणों में सुनील कुमार, चमन और राकेश कुमार ने बताया कि खल्ली क्षेत्र की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है और लगातार हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की। इस घटना की सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है।
हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, और बस में सवार लोग सुरक्षित रहे। ड्राइवर की सूझबूझ और स्थानीय लोगों के सहयोग के कारण बड़ा हादसा टल गया।