चंबा में सनसनीखेज वारदात: बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार – दूसरा फरार
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के कुठेड़ स्कूल परिसर में 63 वर्षीय महिला की निर्मम हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा अभी फरार है। शनिवार को गिरफ्तार आरोपी नरेश उर्फ राकेश (40) को पुलिस ने डलहौजी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। वहीं, दूसरे आरोपी नवनीत उर्फ भबरा की तलाश में पुलिस टीम कांगड़ा रवाना हुई है। दोनों आरोपी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों ने मंदिर में भंडारे के बर्तन धोने के बाद जमकर शराब पी। इसके बाद घर लौटते समय आंगन में बैठी बुजुर्ग महिला को देखकर नवनीत ने उसे उठाकर ले जाने की बात कही। इसके बाद दोनों ने महिला को जबरन कुठेड़ स्कूल परिसर में ले जाकर दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि नवनीत ने महिला से दुष्कर्म करने के बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, हत्या के बाद नवनीत कांगड़ा में अपने रिश्तेदार के पास चला गया, जबकि नरेश ने पंचायत प्रतिनिधि के सामने अपना जुर्म कबूलते हुए नवनीत को मुख्य आरोपी बताया। बताया जा रहा है कि मृतका के बेटे के साथ रक्षाबंधन के दिन दोनों आरोपियों और उनके साथियों ने मारपीट भी की थी। उस दौरान एक आरोपी ने महिला के बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि महिला की हत्या के पीछे की गहरी वजह और आरोपियों की मंशा की जांच अभी जारी है।