NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चम्बा में शिकार खेलने गए युवक की गोली लगने से मौत, 4 साथी गिरफ्तार

तीसा/चम्बा/28/09/2025

chamba

चम्बा जिले में जंगली जानवरों का शिकार खेलने गए पांच दोस्तों की मौज-मस्ती एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। शिकार के दौरान अचानक चली गोली से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक युवक की पहचान दलीप उर्फ दीपू पुत्र कंश, निवासी गांव व डाकघर तीसा, तहसील चुराह, जिला चम्बा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम को तीसा क्षेत्र के पांच दोस्त बंदूक लेकर चम्बा के चकलू इलाके में शिकार करने पहुंचे थे। वहां वे शिकार का इंतजार कर रहे थे कि रात करीब 8 बजे अचानक बंदूक से गोली चल गई। गोली दलीप की टांगों में जाकर लगी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया और उसकी टांग से काफी खून बहने लगा।

घायल दलीप को उसके साथी तुरंत गाड़ी में डालकर इलाज के लिए तीसा अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक काफी खून बह चुका था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चम्बा मेडिकल कॉलेज के शवगृह भेज दिया। पुलिस ने मृतक के चार साथियों — रूप सिंह पुत्र दौलत राम, हैप्पी पुत्र केवल, सुशील पुत्र लाल चंद और लवली पुत्र महिंदर सिंह (सभी निवासी तीसा, जिला चम्बा) को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत बंदूक की गोली लगने से हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिस बंदूक से गोली चली, वह किसकी थी और कहां से लाई गई थी। इस संबंध में साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को चम्बा बुलाया गया है।

Scroll to Top