चंबा में फरार कैदी का आतंक: गोली, धमकी भरा पत्र और अब आगज़नी — पुलिस पर सवाल, परिवार सहमा
चंबा/31/10/2025
चंबा — हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के गदरी गांव में एक फरार कैदी ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला रखी है। आरोपी इब्राहिम जेल से भागने के बाद पिछले कई महीनों में कई गंभीर वारदातों को अंजाम दे चुका है। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि पीड़ित परिवार रात-दिन डर के साए में जीने को मजबूर है, जबकि पुलिस अभी तक आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही है।
गांव के रहने वाले इस युवक ने सबसे पहले अपने ही चाचा की नाबालिग पोती को बहला-फुसलाकर घर से भगाया और शादी की। नाबालिग लड़की के मामले में इब्राहिम को पुलिस ने गिरफ्तार किया, लेकिन 27 मई को वह चंबा जेल से फरार हो गया। भागने के बाद उसने लगातार एक ही परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया।
फरारी के कुछ समय बाद इब्राहिम ने लड़की के दादा पर हमला किया और गोली मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुए। पुलिस ने तब सुरक्षा के नाम पर परिवार के घर पर जवान तैनात किए और बच्चों को स्कूल छोड़ने तक की जिम्मेदारी संभाली, मगर आरोपी का कोई पता नहीं लगा।
इसके बाद इब्राहिम ने पीड़ित परिवार को डराने के लिए एक धमकी भरा पत्र गोशाला पर टांग दिया, जिसमें लिखा था —
“अब तुम्हारा अंजाम तय है, मैं तुम्हें एक-एक करके खत्म कर दूंगा।”
बावजूद इसके आरोपी के हौसले कम नहीं हुए। इस सप्ताह उसने तीसरी बार वारदात को अंजाम देते हुए देर रात पीड़ित परिवार की गोशाला में रखी नई खरीदी घास में आग लगा दी। आग से नुकसान तो हुआ ही, परिवार में भय और बढ़ गया। गांव के लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि एक फरार अपराधी पुलिस के सामने बार-बार वारदात कर रहा है और हर बार बच निकलता है।
परिवार का कहना है कि पिछले कई महीनों से उनकी जिंदगी सामान्य नहीं रही। रात में लोग सो नहीं पाते और बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक हर आवाज पर चौंक जाते हैं। ग्रामीण भी डर में हैं, क्योंकि इब्राहिम जंगलों में छिपकर घूमता है और कभी भी सामने आ जाता है।
स्थानीय लोगों का गुस्सा इस बात पर है कि चंबा पुलिस बार-बार कार्रवाई का आश्वासन दे रही है, लेकिन आरोपी अब तक फरार है। गांव में एक ही सवाल गूंज रहा है — एक अपराधी बार-बार वारदात कर रहा है तो पुलिस किस बात का इंतजार कर रही है?