चंबा की निहुईं पंचायत में दर्दनाक घटना: 25 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर दी जान
चंबा/30/10/2025
चम्बा। जिले की निहुईं पंचायत में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय चंपा देवी, निवासी धनेली, बीते कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी। मंगलवार देर रात वह अपने कमरे में सोने गई थी, लेकिन बुधवार सुबह काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों को चिंता हुई। जब दरवाज़ा खोलकर अंदर देखा गया, तो चंपा देवी फंदे पर लटकी हुई मिली। इस दृश्य को देखकर परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण भी मौके पर इकट्ठा हो गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच में पुलिस को कोई सुसाइड नोट या ऐसा साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। परिजनों ने भी इस घटना को लेकर किसी तरह का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएचओ चम्बा सदर सुरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।