चौपाल में दर्दनाक हादसा: तेंदुए ने गोद में बैठे बच्चे पर किया हमला, पिता ने बहादुरी से बचाई बच्चे की जान
चौपाल/25/10/2025
चौपाल। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में उस वक्त दहशत फैल गई जब देर रात एक तेंदुए ने पांच साल के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। ग्राम पंचायत देवत के कोठमल गांव में हुई इस घटना में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता की सूझबूझ और हिम्मत ने बेटे की जान तो बचा ली, लेकिन घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
कोठमल गांव के मोहम्मद सिकंदर अपने पांच वर्षीय बेटे जिहान को गोद में लेकर पड़ोसी के घर से लौट रहे थे। रास्ते में अचानक झाड़ियों से निकलकर एक तेंदुआ बच्चे पर झपटा और उसे जबड़े में दबोचकर घसीटने लगा। पिता ने पूरे साहस के साथ बच्चे को कसकर पकड़ लिया और जोरदार संघर्ष के बाद तेंदुए के जबड़े से बेटे को छुड़ा लिया। कुछ ही पलों में तेंदुआ वहां से भाग गया।
हमले में बच्चे के शरीर पर नाखूनों और दांतों के गहरे जख्म आए हैं। घायल बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चा आईजीएमसी में डॉक्टरों की निगरानी में उपचाराधीन है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, देवत क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही पहले भी रही है। बीते वर्षों में भी तेंदुओं के हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले भी वन विभाग और प्रशासन को इस खतरे के बारे में कई बार सूचित किया था। उस समय कुछ स्थानों पर पिंजरे भी लगाए गए थे, लेकिन लंबे समय से शांति थी। अब इस ताजा हमले ने गांव में फिर से डर का माहौल पैदा कर दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि गांव के लोगों—खासकर छोटे बच्चों—की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि पहाड़ी इलाकों में वन्यजीवों से सुरक्षा के इंतजाम कितने कारगर हैं।