चिंतपूर्णी दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी गहरी खाई में गिरी, चार घायल
ऊना/05/10/2025
श्री चिंतपूर्णी मंदिर के दर्शन के लिए अमृतसर से रवाना हुए श्रद्धालुओं की थार गाड़ी रविवार सुबह तलवाड़ा बाईपास पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार श्रद्धालु घायल हुए हैं। सुबह करीब 5:00 बजे गाड़ी दूसरी वाहन को बचाने के प्रयास में सड़क से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तुरंत 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया। घायल श्रद्धालुओं की पहचान मोहित (19), ऋतिक (21), सुमित (18) और कमल दास बरसाना (36) के रूप में हुई है। सभी घायल अमृतसर के निवासी हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के अनुसार सभी को मामूली चोटें आईं और उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है।
घायल कमल दास बरसाना ने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी की कृपा से उनकी जान बच गई। हादसा गंभीर था, लेकिन सभी सुरक्षित रहे। हालांकि, वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसे बाद में क्रेन की सहायता से तलवाड़ा पहुंचाया गया।
सूचना मिलने पर चिंतपूर्णी पुलिस थाना से एएसआई राजेश कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद गाड़ी को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला गया।
यह हादसा श्रद्धालुओं के लिए डरावना था, लेकिन किसी की जान नहीं गई और सभी सुरक्षित रहे।