NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

मुख्यमंत्री सुक्खू ने 18 ई-टैक्सियां रवाना की, युवाओं को मिलेगा खुद का रोजगार

sukhvinder-sukhu
शिमला | मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज अपने सरकारी आवास ओक ओवर से राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना (आरजीएसएसवाई) के तहत 18 नई ई-टैक्सियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह पहल न केवल युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लक्ष्य को भी मजबूत करेगी।

कार्यक्रम में शिमला जिले के चार, कांगड़ा और किन्नौर जिलों के तीन-तीन, चंबा, कुल्लू और सोलन जिलों के दो-दो तथा हमीरपुर और सिरमौर जिलों के एक-एक युवा को ई-टैक्सियां सौंपी गईं। इन टैक्सियों की खरीद के लिए राज्य सरकार ने 1.28 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रदान की है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत सरकार युवाओं को ई-टैक्सी खरीदने पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान कर रही है। अब तक 79 पात्र युवाओं को 5.64 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इन ई-टैक्सियों को सरकारी विभागों और निगमों से जोड़ा जाएगा, जिससे पांच वर्षों तक स्थायी आय सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त, दो वर्ष तक विस्तार की सुविधा भी दी जाएगी।

श्री सुक्खू ने कहा कि यह पहल राज्य के आर्थिक बोझ को कम करने में भी सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में अब तक 40 युवाओं को 2.72 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सरकार ने वित्त वर्ष 2024-25 में इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद के लिए 66.41 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ई-वाहनों को बढ़ावा देना राज्य को “हरित ऊर्जा राज्य” बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक आशीष बुटेल, संजय अवस्थी, हरदीप बावा, रणजीत राणा, कांग्रेस नेता सुरेन्द्र मनकोटिया, सचिव श्रम एवं रोजगार प्रियंका बासु इंग्टी, आयुक्त श्रम एवं रोजगार वीरेन्द्र शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें: यहाँ क्लिक करें अगले संबंधित लेख के लिए

Scroll to Top