NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला में 145 करोड़ की यूटिलिटी डक्ट परियोजना की समीक्षा, CM सुक्खू ने दिए जल्द पूरा करने के निर्देश

शिमला/08/10/2025

CMMMMMM

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को शिमला में 145 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यूटिलिटी डक्ट परियोजना की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटा शिमला से विली पार्क तक बन रही 7 किलोमीटर लंबी डक्ट का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छोटा शिमला से ओक ओवर तक का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसे आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिया जाना चाहिए। उन्होंने सड़कों की टारिंग और स्ट्रीट लाइट लगाने के कार्य भी जल्द समाप्त करने के निर्देश दिए।

सुक्खू ने कहा कि शिमला न केवल प्रदेश की राजधानी है बल्कि एक प्रमुख पर्यटन स्थल भी है, इसलिए इसका आकर्षण और सौंदर्य बनाए रखना जरूरी है। इस परियोजना से शहर तारों के जाल से मुक्त होगा और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना शिमला को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम है। डक्ट में बिजली, पानी की पाइपलाइन और अन्य केबल भूमिगत की जाएंगी, जिससे सड़क खुदाई की समस्या से निजात मिलेगी।

परियोजना के तहत छोटा शिमला से विली पार्क, सचिवालय से राजभवन होते हुए ओक ओवर तक, और शेरे-ए-पंजाब से लोअर बाजार व सीटीओ तक यूटिलिटी डक्ट नेटवर्क बनाया जा रहा है। इससे शहर में स्वच्छता, सुरक्षा और रखरखाव में आसानी होगी।

इस मौके पर विधायक हरीश जनारथा, सुरेश कुमार और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए ताकि जनता को जल्द सुविधाएं मिल सकें।

Scroll to Top