गाली देने वाली पार्टी बनी कांग्रेस, जनता कभी माफ नहीं करेगी : बिंदल
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर गहरी कुंठा का शिकार हो चुकी है। जो पार्टी कभी 400 से अधिक सीटें जीतकर 60 वर्षों तक सत्ता में रही, आज वह जनता द्वारा लगातार नकार दी गई है और कई राज्यों में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पा रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि यही हताशा कांग्रेस नेताओं को संवैधानिक संस्थाओं और देश की छवि पर हमले करने को प्रेरित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी देश के भीतर और बाहर मंचों पर गाली-गलौज की राजनीति कर रही है।
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सोच दोहरी है। जब चुनाव आयोग कांग्रेस की सरकार बनाता है तो वह निष्पक्ष कहलाता है, लेकिन जब किसी अन्य पार्टी की जीत होती है तो वही चुनाव आयोग राहुल गांधी की नजर में पक्षपाती और निकम्मा हो जाता है।
प्रधानमंत्री पर अपशब्दों की निंदा
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्वविख्यात नेता हैं। उनके प्रति अपशब्दों का प्रयोग करना और यहां तक कि उनकी माता के खिलाफ बयान देना राहुल गांधी की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि देश की जनता कभी भी ऐसे अपशब्दों को माफ नहीं करेगी।
कांग्रेस को घेरा
उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश में जब कांग्रेस सत्ता में आई तो चुनाव आयोग को सही बताया गया, लेकिन हरियाणा व महाराष्ट्र में हारते ही उसी आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए गए। वहीं कर्नाटक में जीत के बाद चुनाव आयोग को फिर निष्पक्ष मान लिया गया।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को वोट का अधिकार देना देश के खिलाफ साजिश है और भारत की जनता इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
बिहार चुनावों पर टिप्पणी
बिंदल ने कहा कि कांग्रेस बिहार में झूठे नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रही है, लेकिन यह उसकी हताशा का नतीजा है। उन्होंने कहा कि “खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे” की कहावत कांग्रेस पर पूरी तरह लागू होती है और बिहार में एक बार फिर कांग्रेस चारों खाने चित होगी।