NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

भाजपा संगठन मजबूत, कांग्रेस गुटबाजी में फंसी: संजीव कटवाल

bjp

शिमला। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत और बलशाली है, जबकि कांग्रेस पिछले एक साल से अध्यक्षहीन और गुटबाजी की चपेट में है।

कटवाल ने बताया कि कांग्रेस पार्टी को अपनी कार्यकारिणी भंग किए काफी समय हो गया है, लेकिन पार्टी में चल रही अंतर्कलह के कारण न तो अध्यक्ष का चयन हो पाया है और न ही अन्य पदाधिकारी तय हो सके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर गुटबाजी चरम पर है और हाल ही में कांग्रेस कार्यालय में दो गुटों के बीच जमकर नारेबाजी हुई।

अंतर्कलह के दृश्य

कटवाल ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और अन्य मंत्री इस नारेबाजी के प्रत्यक्ष साक्षी रहे। मंच पर बैठे सह-प्रभारी चेतन चौहान के नेतृत्व में कुछ लोग “सोनिया गांधी-राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगा रहे थे, जबकि पीछे सुक्खू समर्थक गुट नारेबाजी कर रहा था। इसी दौरान विक्रमादित्य सिंह समर्थक भी अपनी ताकत दिखा रहे थे।

पूर्व मंत्री भी असंतुष्ट

कटवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस के पूर्व मंत्री पार्टी में असंतुष्ट हैं। पूर्व वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकर सिंह भरमौरी ने लहाल में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि पार्टी में अनदेखी और भेदभाव चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वयंभू नेता वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे पार्टी का मनोबल टूट रहा है और संगठन को नुकसान पहुंच रहा है।

ठाकर सिंह भरमौरी ने पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मामले में दखल देने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे भेदभाव पर गंभीर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Scroll to Top