NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राहुल गांधी के नेतृत्व में 90 चुनाव हार चुकी कांग्रेस: अनुराग ठाकुर

anurag thakur

हमीरपुर । हमीरपुर जिले के दौरे पर पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में अब तक कांग्रेस 90 चुनाव हार चुकी है और बिहार विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस को हार का डर सता रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता चुनाव हारने के बाद कभी वीवीपैट तो कभी ईवीएम पर ठीकरा फोड़ते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव से पहले ही राहुल गांधी चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगते हैं, जो देश की संवैधानिक व्यवस्था पर अविश्वास को दर्शाता है।

भाजपा सांसद ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने देश के संवैधानिक तंत्र को मजबूत करने और भ्रष्टाचार में लिप्त नेताओं पर कार्रवाई करने के लिए ठोस कानून बनाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मंत्री जेल में रहकर भी फैसले लेते रहे, जो लोकतंत्र को शोभा नहीं देता।

अनुराग ठाकुर ने बताया कि सोमवार (25 अगस्त) को ऊना में होने वाली भाजपा की बैठक में मिशन 2027 के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में फंसे नेताओं को आने वाले समय में पद छोड़ना ही पड़ेगा।

हमीरपुर दौरे पर सांसद ने आम जनता की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। टाउन हॉल में आयोजित निजी कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया

Scroll to Top