NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हर वर्ग की विरोधी निकली कांग्रेस सरकार : राकेश जमवाल

rakesh jamwal

मंडी। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कर्मचारियों को ओपीएस का झुनझुना दिखाकर सत्ता हथियाई थी, लेकिन अब सत्ता में आते ही उसी वर्ग को सबसे ज्यादा प्रताड़ित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हायर ग्रेड-पे की अधिसूचना अचानक वापस लेकर सरकार ने 20 से 25 हजार कर्मचारियों की तनख्वाह में प्रतिमाह 5 से 15 हजार रुपये तक की सीधी कटौती कर दी है। यह निर्णय साबित करता है कि कांग्रेस सरकार केवल वादे करने और उनसे पलटने की राजनीति करती है।

जमवाल ने कहा कि कांग्रेस का असली चेहरा अब जनता के सामने है। यह सरकार सिर्फ कर्मचारियों के ही नहीं बल्कि किसानों, बागवानों, महिलाओं, व्यापारियों, युवाओं और बुजुर्गों—हर वर्ग की विरोधी बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने “गारंटी” का झूठा सपना दिखाकर जनता को बरगलाया और सत्ता में आते ही एक-एक गारंटी का गला घोंटना शुरू कर दिया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि हायर ग्रेड-पे के फैसले ने सरकारी दफ्तरों में असमंजस और असंतोष का माहौल पैदा कर दिया है। कर्मचारी वर्ग, जिसे प्रदेश की रीढ़ की हड्डी कहा जाता है, सरकार की नीतियों से निराश और आक्रोशित है।

राकेश जमवाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि आज तक उनका कोई निर्णय विवादों से परे नहीं रहा। इससे साफ झलकता है कि मुख्यमंत्री प्रशासनिक दृष्टि से बेहद कमजोर और अनुभवहीन हैं। बिना दूरगामी परिणामों का आकलन किए लगातार लिए जा रहे निर्णय पूरे प्रदेश के लिए नुकसानदेह साबित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को रोजगार देने, गारंटियां पूरी करने और राहत देने के नाम पर सत्ता सौंपी थी, लेकिन सरकार ने सिर्फ बोझ बढ़ाने और जेब काटने का काम किया है। आज कांग्रेस न तो किसानों को राहत दे पा रही है, न बागवानों को सहारा, न युवाओं को रोजगार और न ही कर्मचारियों को उनका हक।

जमवाल ने कहा कि भाजपा कर्मचारियों के हक और जनता के हितों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर कांग्रेस सरकार का विरोध करेगी। जनता अब समझ चुकी है कि कांग्रेस की गारंटियां केवल जुमले और झूठे वादे हैं।

Scroll to Top