सीपी राधाकृष्णन बने देश के नए उपराष्ट्रपति, विपक्षी उम्मीदवार सुदर्शन रेड्डी को हराया
नई दिल्ली/09/09/2025
नई दिल्ली: एनडीए उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल रह चुके सीपी राधाकृष्णन ने उपराष्ट्रपति पद का चुनाव जीतकर देश के 15वें उपराष्ट्रपति बनने का गौरव हासिल किया है। उन्होंने विपक्षी इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराया। चुनाव परिणाम के अनुसार, राधाकृष्णन को कुल 452 वोट मिले जबकि रेड्डी को 300 वोट ही मिल सके। मंगलवार को हुए इस चुनाव में 98.2 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
राज्यसभा महासचिव और रिटर्निंग ऑफिसर पीसी मोदी ने बताया कि 788 योग्य सांसदों में से 767 ने मतदान किया। इनमें से 752 वोट वैध और 15 वोट अवैध पाए गए। कुल 13 सांसदों ने मतदान में भाग नहीं लिया, जिनमें बीजू जनता दल के सात, भारत राष्ट्र समिति के चार, शिरोमणि अकाली दल के एक और एक निर्दलीय सांसद शामिल रहे।
सीपी राधाकृष्णन की जीत के बाद एनडीए खेमे में जश्न का माहौल रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनका जीवन हमेशा समाज की सेवा और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है और वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति साबित होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका अनुभव राष्ट्र की प्रगति में अहम योगदान देगा। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उन्हें जीत की बधाई दी और विपक्ष के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी के संघर्ष की सराहना की।
बता दें कि सीपी राधाकृष्णन का राजनीतिक जीवन काफी लंबा और अनुभवों से भरा रहा है। वे झारखंड और तेलंगाना के राज्यपाल, पुडुचेरी के उपराज्यपाल और महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वे कोयंबटूर से दो बार सांसद रहे और बीजेपी तमिलनाडु अध्यक्ष रहते हुए 93 दिनों तक चली 19,000 किलोमीटर लंबी ‘रथ यात्रा’ का नेतृत्व किया था। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय नदियों को जोड़ने, आतंकवाद समाप्त करने, समान नागरिक संहिता लागू करने और मादक पदार्थों के खतरे से निपटने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को उजागर करना था।